खटीमा चौक से थारू विकास भवन तक होगा मोटर मार्ग का चौड़ीकरण, जाम से राहत के साथ आवागमन होगा आसान; क्षेत्र के समग्र विकास का भी दिया भरोसा
खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को खटीमा के राणा मार्केट (सितारगंज रोड) में आयोजित कार्यक्रम में 14.97 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण परियोजना का भूमि पूजन किया। इस परियोजना के तहत खटीमा चौक से थारू विकास भवन तक मोटर मार्ग का चौड़ीकरण किया जाएगा। इससे स्थानीय लोगों, व्यापारियों और आसपास के क्षेत्रों से आने-जाने वाले यात्रियों को सुविधा मिलने के साथ जाम की समस्या कम होने की उम्मीद है।

बेहतर होगी यातायात व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क चौड़ीकरण से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुचारु होगी। स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों को आवागमन में होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि खटीमा के विकास से जुड़े कार्यों को सरकार प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रही है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र की जनता के प्रति आभार जताते हुए कहा कि खटीमा से उनका रिश्ता केवल जनप्रतिनिधि का नहीं, बल्कि मां-बेटे के अटूट संबंध जैसा है। यहां के लोगों का स्नेह और आशीर्वाद उन्हें प्रदेश की सेवा करने की प्रेरणा देता है।
शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं पर जोर
सीएम धामी ने कहा कि खटीमा के समग्र विकास के लिए सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाया जा रहा है। राजकीय महाविद्यालय में भवन निर्माण, आईटीआई और बालिका विद्यालयों के आधुनिकीकरण सहित शिक्षा के क्षेत्र में कई कार्य किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि सड़कों के चौड़ीकरण, पुलों के निर्माण और बस अड्डे जैसी सुविधाओं के विकास से स्थानीय लोगों को लाभ मिल रहा है। किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए चीनी मिल के संचालन, गन्ने की समय पर पेराई और भुगतान को भी प्राथमिकता दी जा रही है।
जल निकासी और पर्यटन सुविधाओं का होगा विस्तार
मुख्यमंत्री ने कहा कि खटीमा में जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए भी व्यापक स्तर पर काम किया जा रहा है। इसके अलावा ऑक्सीजन पार्क, क्रोकोडाइल पार्क और धार्मिक स्थलों के विकास से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि खटीमा को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक सुविधाओं से युक्त नगर बनाना सरकार की प्राथमिकता है। क्षेत्र के विकास से जुड़ी योजनाओं को आगे भी प्रतिबद्धता के साथ पूरा किया जाएगा।
पैदल कार्यक्रम स्थल पहुंचे मुख्यमंत्री
भूमि पूजन कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री खटीमा चौराहे से पैदल कार्यक्रम स्थल तक पहुंचे। रास्ते में स्थानीय नागरिकों ने जगह-जगह फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, दायित्वधारी मोहिनी पोखरिया, संतोष गौरव, गंभीर सिंह धामी, किशन सिंह, रणजीत सिंह नामधारी, भाजपा नेता सतीश भट्ट, रामू भारती, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।




