‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ के नारे के साथ डेढ़ किलोमीटर का मार्च; महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज में जनसभा के बाद सरदार पटेल की प्रतिमा तक पहुंचेगी पदयात्रा
गोरखपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को गोरखपुर में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा’ में शामिल होंगे। भाजपा की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में 50 हजार से अधिक समर्थकों के जुटने का दावा किया गया है। करीब डेढ़ किलोमीटर लंबी पदयात्रा को पार्टी की वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कार्यक्रम को लेकर स्थानीय भाजपा पदाधिकारियों ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।
महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज में होगी जनसभा
भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सुबह 11 बजे गोरखपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से वह सर्किट हाउस जाएंगे और फिर महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज में आयोजित जनसभा में शामिल होंगे। जनसभा को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता भी संबोधित करेंगे।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल, प्रदेश महामंत्री एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी अभिजात मिश्रा, राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े, हरीश द्विवेदी और राष्ट्रीय मंत्री प्रदीप वर्मा के शामिल होने का कार्यक्रम है। इसके अलावा निषाद पार्टी के अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद, सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर और अपना दल की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल सहित कई नेता मौजूद रहेंगे।
कॉलेज से पटेल प्रतिमा तक निकलेगी पदयात्रा
जनसभा के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पदयात्रा का शुभारंभ करेंगे। यह महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज से शुरू होकर गोलघर स्थित काली मंदिर के निकट सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा तक पहुंचेगी। करीब डेढ़ किलोमीटर के इस मार्ग पर 18 स्वागत स्थल बनाए गए हैं। यहां विभिन्न सामाजिक और संगठनात्मक संगठनों के पदाधिकारी तथा आम लोग पदयात्रा में शामिल नेताओं का स्वागत करेंगे।
सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ पदयात्रा का समापन होगा। इसके अलावा एयरपोर्ट से सर्किट हाउस तक भी छह स्वागत स्थल तैयार किए गए हैं।
प्रबुद्ध वर्ग और पार्टी पदाधिकारियों से करेंगे संवाद
पदयात्रा के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन तारामंडल स्थित एनेक्सी भवन में प्रबुद्ध वर्ग के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद वह जनप्रतिनिधियों और पार्टी की कोर कमेटी के सदस्यों के साथ संगठनात्मक बैठक में हिस्सा लेंगे।
गुरुवार को वह गोरखनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद एनेक्सी भवन में पार्टी के पूर्व पदाधिकारियों और पूर्व जनप्रतिनिधियों के साथ अलग-अलग बैठकें करेंगे। इन बैठकों में पिछले तीन कार्यकालों के प्रदेश और क्षेत्रीय पदाधिकारियों, पूर्व जिला प्रभारियों तथा पूर्व जिलाध्यक्षों को भी बुलाया गया है।
स्वागत स्थलों पर तैयारियां पूरी
भाजपा पदाधिकारियों के मुताबिक, पदयात्रा मार्ग पर जिला परिषद गेट, टाटा मोटर्स, गोलघर कचहरी, जलकल, केशव मार्केट, ड्रेसलैंड, गांधी आश्रम, बाटा हाउस, वीनस स्टोर, बलदेव प्लाजा, मारवाड़ी होटल, गणेश चौक, शेर-ए-पंजाब, चरण पादुका, मेसिडोज और नेशनल मेडिकल स्टोर समेत विभिन्न स्थानों पर स्वागत की व्यवस्था की गई है।
पार्टी नेतृत्व की गोरखपुर में मौजूदगी और लगातार होने वाली संगठनात्मक बैठकों को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, पदयात्रा का घोषित उद्देश्य ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ का संदेश देना है।




