मुख्यमंत्री ने कहा- रात में रोशन बाजार और नाइट शिफ्ट में काम करती महिलाएं नए उत्तर प्रदेश की पहचान; 2017 में महिला श्रम बल भागीदारी करीब 13 प्रतिशत थी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में बेहतर कानून-व्यवस्था के कारण कारोबारियों का भरोसा बढ़ा है और महिलाएं भी सुरक्षित माहौल में कार्यस्थलों पर अपनी जिम्मेदारियां निभा रही हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि रात में जगमगाते बाजार और नाइट शिफ्ट में काम करती महिलाएं प्रदेश में आए बदलाव की तस्वीर पेश करती हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और बाजारों में देर रात तक जारी गतिविधियां केवल व्यापार के विस्तार का संकेत नहीं हैं, बल्कि कारोबारियों के बढ़ते विश्वास को भी दर्शाती हैं। वहीं, रात्रि पाली में निर्भय होकर काम करती महिलाएं समाज की प्रगति और उनके बढ़ते आत्मविश्वास का प्रतीक हैं।
2017 से पहले सुरक्षा को लेकर रहती थी चिंता
सीएम योगी ने अपने संदेश में वर्ष 2017 से पहले की स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय अपराध और असुरक्षा के कारण सूर्यास्त के बाद कई जगह व्यापारिक गतिविधियां सीमित हो जाती थीं। देर रात तक काम करने वाली महिलाओं की सुरक्षा को लेकर परिवारों में भी चिंता बनी रहती थी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार ने कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई। महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए किए गए प्रयासों से ऐसा वातावरण तैयार हुआ है, जिसमें बाजारों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को देर रात तक संचालित करने के अवसर बढ़े हैं।
महिला श्रम बल भागीदारी में बढ़ोतरी का दावा
मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2017 में उत्तर प्रदेश में महिला श्रम बल भागीदारी करीब 13 प्रतिशत थी, जो अब बढ़कर 36 प्रतिशत हो गई है। उन्होंने इसे महिलाओं के बढ़ते आत्मविश्वास, आर्थिक सशक्तीकरण और आत्मनिर्भरता का संकेत बताया।
सीएम योगी के अनुसार, महिलाएं अब अधिक संख्या में रोजगार और आर्थिक गतिविधियों से जुड़ रही हैं। सुरक्षित कार्यस्थल और बेहतर अवसर मिलने से उनकी भागीदारी बढ़ रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुरक्षा और आर्थिक अवसरों का विस्तार प्रदेश को समृद्धि की दिशा में आगे बढ़ा रहा है। उन्होंने इसे ‘सुरक्षा से समृद्धि’ की ओर बढ़ते नए उत्तर प्रदेश की पहचान बताया।




