हाईस्कूल से बीटेक और एमबीए तक के अभ्यर्थी ले सकेंगे हिस्सा, चयनित युवाओं को 15 से 35 हजार रुपये तक वेतन मिलने की संभावना
बेरोजगार युवक-युवतियों को निजी क्षेत्र में नौकरी दिलाने के लिए जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से 15 और 16 अक्टूबर को दो दिवसीय वृहद रोजगार मेले आयोजित किए जाएंगे। सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत लगने वाले इन मेलों में विभिन्न कंपनियां योग्य अभ्यर्थियों का चयन करेंगी।
जिला सेवायोजन अधिकारी विपिन यादव के अनुसार, पहला रोजगार मेला 15 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से अकबरपुर महाविद्यालय, माती रोड, अकबरपुर में लगेगा। वहीं, दूसरा मेला 16 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे से झाउलाल गजोधर प्रसाद पीजी कॉलेज, रसूलाबाद में आयोजित होगा।
कई पदों पर होगी भर्ती
रोजगार मेले में हेल्पर, शटर ऑपरेटर, वेल्डर, सुपरवाइजर सहित तकनीकी और गैर-तकनीकी पदों पर चयन किया जाएगा। हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, आईटीआई, डिप्लोमा, बीटेक और एमबीए उत्तीर्ण अभ्यर्थी इसमें भाग ले सकते हैं। पद और योग्यता के आधार पर चयनित उम्मीदवारों को 15 हजार से 35 हजार रुपये प्रतिमाह तक वेतन मिलने की संभावना है।
18 से 48 वर्ष तक के अभ्यर्थियों को मौका
मेले में 18 से 48 वर्ष आयु वर्ग के महिला और पुरुष अभ्यर्थी शामिल हो सकते हैं। इच्छुक उम्मीदवारों को पहले रोजगार संगम पोर्टल rojgaarsangam.up.gov.in या नेशनल करियर सर्विस पोर्टल ncs.gov.in पर पंजीकरण कराना होगा।
चयन प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क
जिला सेवायोजन अधिकारी ने बताया कि रोजगार मेले में भाग लेने या चयन प्रक्रिया के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। अभ्यर्थियों को यात्रा भत्ता भी नहीं दिया जाएगा। विभाग ने युवाओं से अपील की है कि वे अपनी योग्यता के अनुसार इन मेलों में पहुंचकर रोजगार के अवसरों का लाभ उठाएं।




