देहरादून। उत्तराखंड में फिल्म शूटिंग और फिल्म पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में राज्य सरकार के प्रयासों के बीच प्रसिद्ध बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रदेश की फिल्म नीति, फिल्म निर्माण की संभावनाओं और उत्तराखंड को प्रमुख फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने को लेकर चर्चा हुई।
अक्षय कुमार इन दिनों मसूरी और लंढौर क्षेत्र में अपनी आगामी फिल्म की शूटिंग कर रहे हैं। प्रदेश में फिल्म निर्माण की गतिविधियों के बीच मुख्यमंत्री से उनकी मुलाकात को उत्तराखंड में फिल्म उद्योग की संभावनाओं के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

फिल्म निर्माताओं को आकर्षित कर रही उत्तराखंड की खूबसूरती
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड देश के प्रमुख फिल्म शूटिंग स्थलों में अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, विविध भौगोलिक परिस्थितियां और फिल्म निर्माण के अनुकूल वातावरण फिल्म निर्माताओं को आकर्षित कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में बड़े फिल्म प्रोजेक्ट्स की शूटिंग होने से प्रदेश की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत हो रही है। इससे राज्य में फिल्म पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ ही स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी गति मिल रही है।
फिल्म नीति-2024 से शूटिंग को प्रोत्साहन
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से लागू उत्तराखंड फिल्म नीति-2024 के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। फिल्म निर्माताओं की सुविधा के लिए सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से शूटिंग की अनुमति सहित विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके साथ ही फिल्म निर्माण को प्रोत्साहित करने के लिए अनुदान की व्यवस्था भी की गई है।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश में अधिक से अधिक फिल्मों की शूटिंग को प्रोत्साहित करना और फिल्म निर्माण से जुड़े लोगों के लिए बेहतर माहौल तैयार करना है।
स्थानीय युवाओं के लिए खुलेंगे रोजगार के अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में फिल्म निर्माण की गतिविधियां बढ़ने से स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर पैदा हो सकते हैं। फिल्म शूटिंग से होटल व्यवसाय, परिवहन, खानपान और अन्य स्थानीय कारोबारों को भी लाभ मिलता है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को फिल्म निर्माताओं की पसंदीदा शूटिंग डेस्टिनेशन बनाने के लिए हरसंभव सहयोग देने को प्रतिबद्ध है। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश की प्राकृतिक और सांस्कृतिक विशेषताओं को फिल्मों के माध्यम से व्यापक पहचान मिले तथा इसका लाभ स्थानीय लोगों और पर्यटन क्षेत्र को प्राप्त हो।




