वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में गंगा किनारे भारतीय वायुसेना के शौर्य और सामर्थ्य का प्रदर्शन देखने को मिलेगा। नमो घाट पर 24 से 26 अक्टूबर तक एयर शो प्रस्तावित है। 25 अक्टूबर को मुख्य समारोह आयोजित किए जाने की योजना है। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की मौजूदगी संभावित बताई जा रही है। आयोजन को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को उच्चस्तरीय बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की।
सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष जोर
समीक्षा बैठक में भारतीय वायुसेना के अधिकारियों के साथ वाराणसी प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने एयर शो की कार्ययोजना का प्रस्तुतीकरण किया। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को दर्शक दीर्घा, ग्रैंड स्टैंड, वीआईपी और वीवीआईपी क्षेत्र, मीडिया एरिया, प्रवेश-निकास मार्ग तथा सुरक्षा जांच केंद्रों की व्यवस्थाओं की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एयर शो को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में भीड़ प्रबंधन, यातायात और पार्किंग की व्यवस्था पहले से मजबूत की जाए। आयोजन स्थल तक पहुंचने वाले मार्गों को सुगम और स्पष्ट रखने के साथ पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
घाटों को जोन और सेक्टर में बांटने की तैयारी
नमो घाट के अलावा गंगा किनारे स्थित अन्य घाटों पर भी दर्शकों की भीड़ जुटने की संभावना है। इसे देखते हुए तटवर्ती क्षेत्रों को अलग-अलग जोन और सेक्टर में बांटकर व्यवस्थाएं संचालित करने की योजना बनाई गई है।
मुख्यमंत्री ने प्रत्येक क्षेत्र में पेयजल, प्राथमिक चिकित्सा, स्वच्छता और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने को कहा। उन्होंने प्रशिक्षित पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ प्रत्येक सेक्टर में मजिस्ट्रेट की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जल और थल मार्ग से आवाजाही पर भी नजर
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि एयर शो के दौरान नमो घाट के साथ काशी के दूसरे प्रमुख घाटों और आसपास के इलाकों में भी लोगों की संख्या बढ़ सकती है। इसे देखते हुए घाटों पर भीड़ नियंत्रण और यातायात संचालन के लिए एकीकृत कार्ययोजना तैयार की जाए।
जल और थल दोनों मार्गों से आने-जाने वाले लोगों की आवाजाही को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए गए। संभावित आपात स्थितियों से निपटने के लिए सुरक्षा और आपातकालीन व्यवस्थाओं का पूर्वाभ्यास कराने को भी कहा गया, ताकि जरूरत पड़ने पर सभी संबंधित टीमें तत्काल समन्वय के साथ कार्रवाई कर सकें।
आसपास के जिलों से भी पहुंचेंगे लोग
मुख्यमंत्री ने वाराणसी मंडल के सभी जिलाधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में लोगों के कार्यक्रम में पहुंचने की संभावना है। इसके मद्देनजर आवश्यक मानव संसाधन और अन्य व्यवस्थाओं का पहले से आकलन कर समुचित प्रबंध किया जाए।
मुख्यमंत्री ने भारतीय वायुसेना, जिला प्रशासन, पुलिस और अन्य संबंधित विभागों को निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं। प्रस्तावित एयर शो को लेकर वाराणसी में सुरक्षा, यातायात और दर्शकों की सुविधाओं को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।




