36 रन बनाते ही SENA देशों में 5,000 रन पूरे करने वाले पहले भारतीय ओपनर बन सकते हैं, दो छक्कों से न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे में सबसे ज्यादा छक्कों का रिकॉर्ड बनाने का मौका
भारतीय टीम के अनुभवी सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा के लिए न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज खास साबित हो सकती है। चार नवंबर से शुरू होने वाली पांच मैचों की इस सीरीज में रोहित के पास एक-दो नहीं, बल्कि कई बड़े व्यक्तिगत रिकॉर्ड अपने नाम करने का मौका होगा। शतक, रन और छक्कों के साथ-साथ प्लेयर ऑफ द मैच पुरस्कार के मामले में भी वह नए मुकाम हासिल कर सकते हैं।
रोहित की मौजूदा उपलब्धियों को देखते हुए सीरीज में उनके हर रन और छक्के पर नजर रहेगी। कुछ रिकॉर्ड के लिए उन्हें मामूली उपलब्धि हासिल करनी होगी, जबकि कुछ माइलस्टोन तक पहुंचने के लिए बड़ी पारियां खेलनी पड़ सकती हैं।
शतक से न्यूजीलैंड में रच सकते हैं इतिहास
रोहित शर्मा अगर इस सीरीज में एक शतक लगाते हैं तो वह न्यूजीलैंड में वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में शतक बनाने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन सकते हैं। इसके अलावा SENA देशों (दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) में वनडे शतक लगाने वाले चौथे भारतीय खिलाड़ी बनने का मौका भी उनके पास होगा।
36 रन बनाते ही पूरा होगा बड़ा मुकाम
रोहित को SENA देशों में बतौर ओपनर 5,000 वनडे रन पूरे करने के लिए केवल 36 रन की जरूरत है। यह उपलब्धि हासिल करते ही वह ऐसा करने वाले पहले भारतीय ओपनर बन जाएंगे।
वहीं, अगर इस सीरीज में उनके बल्ले से 183 रन निकलते हैं और भारतीय टीम उन मुकाबलों में जीत दर्ज करती है, तो वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में जीत का हिस्सा रहते हुए 15,000 रन पूरे कर लेंगे।
न्यूजीलैंड में 50 प्लस स्कोर का रिकॉर्ड
रोहित शर्मा अगर सीरीज के दौरान एक और अर्धशतकीय या उससे बड़ी पारी खेलते हैं तो वह न्यूजीलैंड में सबसे ज्यादा 50 प्लस स्कोर बनाने वाले भारतीय ओपनर बन सकते हैं। इसके लिए उनकी निरंतरता और टीम को मजबूत शुरुआत दिलाने की भूमिका अहम होगी।
छक्कों के मामले में भी कई रिकॉर्ड दांव पर
रोहित शर्मा के पास छक्कों के मामले में भी कई उपलब्धियां हासिल करने का मौका है। न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बनने के लिए उन्हें केवल दो छक्कों की जरूरत है।
इसके अलावा पांच छक्के लगाने पर वह न्यूजीलैंड के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन सकते हैं। छह छक्के जड़ते ही बतौर ओपनर उनके अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 600 छक्के पूरे हो जाएंगे।
आठ छक्के लगाने पर रोहित SENA टीमों के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बतौर ओपनर 200 छक्के पूरे करने वाले पहले खिलाड़ी बन सकते हैं। वहीं, 14 छक्के लगाने की स्थिति में वह SENA देशों में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले मेहमान बल्लेबाज बन जाएंगे।
प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड से भी बनेगा रिकॉर्ड
रोहित शर्मा को इस सीरीज में एक भी प्लेयर ऑफ द मैच पुरस्कार मिलता है तो वह इस सम्मान को हासिल करने वाले सबसे उम्रदराज भारतीय खिलाड़ी बन सकते हैं। ऐसे में उनके लिए यह सीरीज केवल टीम के प्रदर्शन के लिहाज से ही नहीं, बल्कि व्यक्तिगत उपलब्धियों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण होगी।
न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की इस वनडे सीरीज में रोहित शर्मा के सामने कुल 10 बड़े रिकॉर्ड बनाने के अवसर होंगे। अब देखना होगा कि वह इनमें से कितने माइलस्टोन हासिल कर पाते हैं और भारतीय टीम को सीरीज में किस तरह की शुरुआत दिलाते हैं।




