सरयू में उतरेंगी रामायण थीम की तीन नावें, सात कांडों पर आधारित झांकियों के साथ दिखेंगी 21 विभागीय झांकियां; शहर के 20 स्थानों पर लगेंगे एलईडी डिस्प्ले
अयोध्या में दसवें दीपोत्सव को भव्य और यादगार बनाने के लिए तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बार रामनगरी में श्रद्धालुओं और पर्यटकों को रामायण काल के प्रसंगों की झलक देखने को मिलेगी। रामकथा पार्क में पर्यटन विभाग की ओर से पुष्पक विमान और राम दरबार तैयार किया जा रहा है। इनके जरिए भगवान श्रीराम की लंका विजय के बाद अयोध्या वापसी और राम परिवार के दिव्य स्वरूप को साकार किया जाएगा। इसके साथ ही सरयू नदी में रामायण थीम पर आधारित तीन नावें भी आकर्षण का केंद्र बनेंगी।
30 फीट लंबा होगा पुष्पक विमान
पर्यटन विभाग की ओर से तैयार कराए जा रहे पुष्पक विमान की लंबाई 30 फीट, चौड़ाई 12 फीट और ऊंचाई 16 फीट होगी। वहीं, राम दरबार को 30 गुणा 20 फीट के क्षेत्र में तैयार किया जा रहा है। इसकी ऊंचाई करीब 20 फीट रखी जाएगी।
दोनों संरचनाओं को प्लाई और कैनवास से बनाया जा रहा है। बंगाल समेत दूसरे राज्यों से आए कुशल कारीगर इन्हें अंतिम रूप देने में जुटे हैं। निर्माण के दौरान नक्काशी और सजावट की बारीकियों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को रामायण के प्रसंगों का जीवंत अनुभव मिल सके।
सरयू में दिखेगी रामायण थीम की तीन नावें
दीपोत्सव के दौरान सरयू नदी में रामायण के प्रसंगों पर आधारित तीन नावें उतारी जाएंगी। इन नावों को तैयार किया जा चुका है। दीपों की रोशनी के बीच सजी हुई नावें नदी में रामकथा की झलक प्रस्तुत करेंगी।
रामकथा पार्क में बनने वाले राम दरबार में भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमानजी की दिव्य छवि दिखाई देगी। वहीं, पुष्पक विमान के जरिए लंका विजय के बाद प्रभु श्रीराम की अयोध्या वापसी का प्रसंग दर्शाया जाएगा।
सात कांडों पर आधारित होंगी रामायण की झांकियां
दीपोत्सव की शोभायात्रा में इस बार रामायण के सात कांडों पर आधारित झांकियां निकाली जाएंगी। इनका निर्माण साकेत महाविद्यालय परिसर में किया जा रहा है। चित्रकूट से आए कलाकार रामायण के प्रमुख प्रसंगों को झांकियों के रूप में तैयार कर रहे हैं। इनके ढांचे को विशेष रूप से धनुष का आकार दिया जा रहा है।
रामायण की झांकियों के अलावा राज्य सरकार के विभिन्न विभागों की 21 झांकियां भी उत्सव का हिस्सा होंगी। इनके निर्माण में अलग-अलग स्थानों से आए कारीगर जुटे हुए हैं।
13 प्रमुख क्षेत्रों में लगेंगे होर्डिंग और स्टैंडी
दीपोत्सव की सजावट और प्रचार-प्रसार के लिए अयोध्या के प्रवेश द्वारों से लेकर शहर के प्रमुख मार्गों तक 13 खंडों में होर्डिंग और स्टैंडी लगाए जाएंगे। इनमें साकेत पेट्रोल पंप से रामघाट हाल्ट और नया घाट तिराहा, रामकथा पार्क, शहादतगंज पुलिस चौकी से कलेक्ट्रेट और रिकाबगंज, राम की पैड़ी तथा भजन संध्या स्थल जैसे प्रमुख क्षेत्र शामिल हैं।
इसके अलावा आईटीआई कॉलेज से नियावां चौराहा, आबकारी कार्यालय से मकबरा और पेट्रोल पंप, पुष्पराज चौराहे से फतेहगंज व देवकाली तथा कलेक्ट्रेट और विकास भवन परिसर में भी प्रचार सामग्री लगाई जाएगी। लखनऊ, सुलतानपुर, अंबेडकरनगर और रायबरेली जाने वाले प्रमुख मार्गों के किनारे भी होर्डिंग लगाए जाएंगे।
एलईडी वैन और डिस्प्ले बोर्ड से दिखेंगे आयोजन
दीपोत्सव के कार्यक्रमों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए शहर में डिजिटल प्रचार की व्यवस्था की जा रही है। इसके तहत 25 स्थानों पर एलईडी वैन और 20 प्रमुख स्थलों पर एलईडी डिस्प्ले बोर्ड लगाए जाएंगे।
इस व्यवस्था से श्रद्धालु और पर्यटक शहर के अलग-अलग हिस्सों में रहकर भी दीपोत्सव के प्रमुख आयोजनों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की झलक देख सकेंगे। प्रशासन का प्रयास है कि रामनगरी आने वाले लोगों को सजावट, झांकियों और डिजिटल माध्यमों से पूरे उत्सव का अनुभव मिल सके।




