छोटी और बड़ी दीपावली पर अलग-अलग दिन जलेंगे एक-एक लाख दीये; मंदिर परिसर को पांच जोन में बांटकर सौंपी गई जिम्मेदारी, अमित शाह के शामिल होने की संभावना
श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में इस बार दीपावली को यादगार बनाने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। मंदिर परिसर में छोटी और बड़ी दीपावली पर अलग-अलग दिनों में एक-एक लाख दीये जलाए जाएंगे। इस तरह दोनों दिनों में कुल दो लाख दीयों से राम मंदिर परिसर जगमग होगा। खास बात यह है कि इन दीयों को देशी गाय के गोबर, मोम और सरसों के तेल से तैयार किया जा रहा है। इनके निर्माण में नगर निगम की बैसिंह स्थित कान्हा गौशाला के साथ महिला स्वयं सहायता समूहों को भी जोड़ा गया है।
मंदिर परिसर में दीप प्रज्ज्वलन की योजना तैयार
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के यात्री सुविधा केंद्र (पीएफसी) सभागार में शनिवार को हुई बैठक में दीपोत्सव की तैयारियों और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया। बैठक में आयोजन की अलग-अलग जिम्मेदारियां संभालने वाले प्रमुख कार्यकर्ता शामिल हुए। ट्रस्ट के मुख्य कार्यपालक अधिकारी एयर मार्शल जितेंद्र मिश्र (सेवानिवृत्त), सचिव जगदीश आफले और जगन्नाथ गुलवे ने तैयारियों की रूपरेखा साझा की।
दीप प्रज्ज्वलन के लिए मंदिर परिसर को पांच जोन में बांटा गया है। प्रत्येक जोन में अलग-अलग टीमों को जिम्मेदारी सौंपी गई है, ताकि निर्धारित स्थानों पर व्यवस्थित तरीके से दीप जलाए जा सकें।
पांच जोन में बांटी गई जिम्मेदारी
पहला जोन: मंदिर परिसर और यज्ञशाला
श्रीरामलला मंदिर के अर्चक प्रमुख आचार्य केशव शर्मा को पहले जोन की जिम्मेदारी दी गई है। इस क्षेत्र में मंदिर प्रांगण, परकोटा, ग्रीन हाउस और यज्ञशाला सहित अन्य स्थानों पर 30 हजार से अधिक दीप जलाए जाएंगे।
दूसरा जोन: कुबेर टीला और सप्तमंडप
कुबेर टीला, सप्तमंडप, शेषावतार मंदिर, हुतात्मा स्मारक और पंचवटी क्षेत्र में दीप प्रज्ज्वलन की जिम्मेदारी चन्द्रन क्षितिज और उनकी टीम को दी गई है। यहां भी 30 हजार से अधिक दीप जलाए जाएंगे।
तीसरा जोन: वापसी दर्शन मार्ग और पीएफसी
वापसी दर्शन मार्ग, यात्री सुविधा केंद्र, पीएफसी प्लाजा और नल टीला में पीपी मिश्रा के नेतृत्व में 14 हजार से अधिक दीप प्रज्ज्वलित होंगे।
चौथा जोन: यात्री सेवा केंद्र और अंगद टीला
कैप्टन जेपी द्विवेदी (सेवानिवृत्त) और उनकी टीम को यात्री सेवा केंद्र, अंगद टीला, सीता रसोई और रामानंदाचार्य द्वार सहित अन्य स्थानों पर 13 हजार से अधिक दीप जलाने की जिम्मेदारी दी गई है।
पांचवां जोन: श्रीराम जन्मभूमि पथ और दर्शन मार्ग
नरेंद्र कुमार के नेतृत्व में श्रीराम जन्मभूमि पथ, सिंह द्वार और चरण पादुका क्षेत्र में 13 हजार दीप जलाए जाएंगे।
2100 ड्रोन से आसमान में दिखेगी रामायण की झलक
दीपोत्सव का एक बड़ा आकर्षण 2100 मेड इन इंडिया ड्रोन का शो होगा। करीब 10 मिनट के इस कार्यक्रम में आसमान में भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और हनुमान की धनुर्धारी मुद्राओं के साथ राम-रावण युद्ध का दृश्यात्मक चित्रण किया जाएगा। शो को आकर्षक बनाने के लिए लेजर लाइट, वॉयस ओवर और संगीतमय नैरेशन का भी इस्तेमाल होगा।
इसके अलावा सरयू नदी के पुराने पुल पर ग्रीन एरियल फायर क्रैकर्स शो आयोजित किया जाएगा। इसके तहत करीब 600 फीट की ऊंचाई तक आतिशबाजी से आसमान रोशन होगा। आयोजन को तकनीक, संस्कृति और आध्यात्मिकता के संगम के रूप में प्रस्तुत करने की तैयारी है।
अमित शाह के आने की संभावना, सीएम योगी करेंगे निरीक्षण
अयोध्या के राम की पैड़ी पर आयोजित होने वाले दीपोत्सव के दसवें संस्करण में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, अभी उनका आधिकारिक कार्यक्रम जारी नहीं हुआ है। संभावित दौरे को देखते हुए प्रशासन और पुलिस विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी अयोध्या पहुंचकर दीपोत्सव की तैयारियों का जायजा लेंगे। इस दौरान वह प्रमुख आयोजन स्थलों का निरीक्षण करेंगे और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर व्यवस्थाओं की जानकारी लेंगे।
गौशाला और महिला समूह तैयार कर रहे दीये
दो लाख दीयों की व्यवस्था के लिए कान्हा गौशाला में कारीगर मशीनों की मदद से गोबर के दीये तैयार कर रहे हैं। इसके साथ ही महिला समूहों को भी निर्माण कार्य से जोड़ा गया है। गोबर, मोम और सरसों के तेल से तैयार किए जा रहे इन दीयों को मंदिर परिसर में निर्धारित स्थानों पर जलाया जाएगा।
इस बार राम मंदिर में दो लाख दीयों के प्रज्ज्वलन, 2100 ड्रोन शो और ग्रीन आतिशबाजी के जरिए दीपावली का आयोजन विशेष रूप से भव्य बनाने की तैयारी है। अब प्रशासन और ट्रस्ट की प्राथमिकता सभी व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करना है।




