तराई के छह जिलों में अति भारी बारिश की चेतावनी, पूर्वी यूपी के 13 जिलों में भारी वर्षा के आसार; पश्चिमी यूपी के नौ जिलों में ओले गिरने की संभावना
उत्तर प्रदेश में चक्रवाती तूफान अर्नब और पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम का मिजाज बदल गया है। बृहस्पतिवार को काशी से अयोध्या और गोरखपुर से मेरठ तक कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। कुछ इलाकों में बूंदाबांदी हुई, जबकि कई जगह घने बादलों के कारण दिन में भी अंधेरा छाया रहा। बारिश और हवाओं से तापमान में गिरावट आई है और ठंड का अहसास बढ़ गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम खराब रह सकता है। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि तराई के छह जिलों में अति भारी बारिश, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश के 13 जिलों में भारी वर्षा की संभावना है। पश्चिमी यूपी के नौ जिलों में ओले गिर सकते हैं। इसके अलावा प्रदेश के करीब 50 जिलों में गरज-चमक के साथ 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
कई जिलों में बारिश से बढ़ी ठंड
बृहस्पतिवार सुबह वाराणसी, अयोध्या और गोरखपुर समेत पूर्वी यूपी के कई जिलों में बारिश हुई। सोनभद्र, मीरजापुर और विंध्य क्षेत्र के अन्य इलाकों में भी बूंदाबांदी दर्ज की गई। लखनऊ और आसपास के जिलों में सुबह से ही बादल छाए रहे और कई स्थानों पर हल्की बारिश हुई।
मेरठ में दिन की शुरुआत धुंध और ठंड के साथ हुई। सहारनपुर में वज्रपात की सूचना भी मिली। बारिश और तेज हवाओं के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई। 23.1 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ मेरठ प्रदेश में सबसे ठंडा रहा, जबकि 16.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ मुजफ्फरनगर में सबसे ठंडी रात दर्ज की गई।
इन जिलों में अति भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती और बहराइच में अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इन जिलों और आसपास के क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
पूर्वी यूपी के 13 जिलों में भारी वर्षा के आसार
आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, गोंडा, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, अयोध्या और अंबेडकरनगर में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
पश्चिमी यूपी के नौ जिलों में ओले गिरने की संभावना
सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद और रामपुर में ओलावृष्टि के आसार हैं। इससे किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका भी बनी हुई है।
50 जिलों में तेज हवाओं और गरज-चमक का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार, प्रतापगढ़, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकरनगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, कासगंज, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल और बदायूं समेत आसपास के क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं।
तूफान के साथ पश्चिमी विक्षोभ भी बढ़ाएगा असर
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, चक्रवाती तूफान और पश्चिमी विक्षोभ के संयुक्त प्रभाव से प्रदेश में बारिश, तेज हवाओं और गरज-चमक की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। मौसम के बदले मिजाज को देखते हुए लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और मौसम विभाग की ओर से जारी चेतावनियों पर ध्यान देने की सलाह दी गई है।




