योगी सरकार ने जारी किया नई तैनाती का आदेश, डीके ठाकुर से नागरिक सुरक्षा का अतिरिक्त प्रभार वापस; इससे पहले 10 जिलों के एसपी समेत 20 आईपीएस अधिकारियों के हुए थे तबादले
उत्तर प्रदेश में पुलिस प्रशासन के स्तर पर फेरबदल करते हुए योगी सरकार ने दो वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया है। बुधवार को जारी आदेश के अनुसार, 1995 बैच के आईपीएस अधिकारी अशोक कुमार सिंह को उत्तर प्रदेश नागरिक सुरक्षा का पुलिस महानिदेशक (डीजी) नियुक्त किया गया है। वहीं, 1994 बैच के आईपीएस अधिकारी ध्रुव कांत ठाकुर (डीके ठाकुर) से नागरिक सुरक्षा का अतिरिक्त प्रभार वापस ले लिया गया है।
अशोक कुमार सिंह को मिली नई जिम्मेदारी
अशोक कुमार सिंह अब तक उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड, लखनऊ में पुलिस महानिदेशक एवं सदस्य सचिव के पद पर तैनात थे। शासन ने उन्हें नई जिम्मेदारी सौंपते हुए नागरिक सुरक्षा विभाग का डीजी बनाया है।
वहीं, डीके ठाकुर अभी तक पुलिस महानिदेशक एवं महासमादेष्टा, होमगार्ड, उत्तर प्रदेश के पद के साथ नागरिक सुरक्षा विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल रहे थे। नए आदेश के बाद वह अब होमगार्ड विभाग की जिम्मेदारी पर ही कार्य करेंगे।
7 अक्टूबर को 20 आईपीएस अधिकारियों के हुए थे तबादले
इससे पहले 7 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश शासन ने व्यापक प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 10 जिलों के पुलिस अधीक्षकों (एसपी) समेत 20 आईपीएस अधिकारियों का तबादला किया था। इसी क्रम में एडीजी तकनीकी सेवाएं भगवान स्वरूप श्रीवास्तव को एडीजी क्राइम का अतिरिक्त प्रभार दिया गया था। इससे पहले यह जिम्मेदारी एडीजी यातायात ए. सतीश गणेश संभाल रहे थे।
कई जिलों के पुलिस कप्तान भी बदले गए
पिछले आदेश में बाराबंकी, बस्ती, जौनपुर, मुजफ्फरनगर, बलिया, हापुड़, मऊ, गाजीपुर, जालौन और बागपत सहित कई जिलों में पुलिस अधिकारियों की तैनाती बदली गई थी। इसमें नवपदोन्नत आईपीएस अधिकारियों को भी जिलों की कमान सौंपी गई।
आदेश के तहत पूर्णेन्दु सिंह को एसपी बागपत, मधुवन कुमार सिंह को एसपी हापुड़ और सुरेश चन्द्र रावत को एसपी जालौन बनाया गया। वहीं, रवीना त्यागी को एसपी बाराबंकी की जिम्मेदारी दी गई।
इसके अलावा यशवीर सिंह को एसपी जौनपुर, ओमवीर सिंह को एसपी बस्ती और ईरज राजा को एसपी बलिया नियुक्त किया गया। कुंवर अनुपम सिंह को पीएसी मुख्यालय में तैनाती मिली, जबकि संजय कुमार को चौथी वाहिनी पीएसी, प्रयागराज का सेनानायक बनाया गया।
अन्य अधिकारियों की जिम्मेदारियों में भी बदलाव
शासन ने एसपी मऊ कमलेश बहादुर को एसपी लोक शिकायत, अर्पित विजयवर्गीय को पुलिस उपायुक्त, लखनऊ कमिश्नरेट और विनय कुमार सिंह को एसपी गाजीपुर नियुक्त किया था। सूरज कुमार राय को एसएसपी मुजफ्फरनगर तथा चिराग जैन को एसपी सिटी बरेली की जिम्मेदारी दी गई। मानुष पारिक को एसपी सिटी आजमगढ़ और आलोक राज नारायण को अपर पुलिस अधीक्षक, मथुरा के पद पर तैनाती मिली।
पुलिस विभाग में इन बदलावों के जरिए वरिष्ठ अधिकारियों और जिला स्तर के नेतृत्व की जिम्मेदारियों में फेरबदल किया गया है।




