पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने शनिवार को अधिकारियों और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने एयर शो के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने और दर्शकों की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन के मद्देनजर शहर के निर्धारित क्षेत्रों में 48 और घाट क्षेत्रों में 31, कुल 79 अस्थायी पुलिस थाने स्थापित किए गए हैं। प्रत्येक थाने पर एक उपनिरीक्षक और चार आरक्षियों की तैनाती की गई है।
पीएम मोदी के संभावित दौरे को लेकर तैयारी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 अक्टूबर को वाराणसी पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, वह बाबतपुर एयरपोर्ट से खोचवां स्थित अरविंद मिल जा सकते हैं, जहां महिलाओं के साथ संवाद का कार्यक्रम संभावित है। इसके बाद हेलीकॉप्टर से पुलिस लाइन पहुंचने और सड़क मार्ग से नमो घाट जाकर एयर शो देखने की संभावना है। हालांकि, यह कार्यक्रम संभावित है।
घाटों और संवेदनशील भवनों पर विशेष निगरानी
एयर शो के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिसकर्मियों को अपने निर्धारित क्षेत्रों में लगातार गश्त करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस प्रशासन आसपास के जर्जर और संवेदनशील भवनों को चिह्नित कर उनके स्वामियों को आवश्यक नोटिस जारी करेगा। भवनों की छतों पर क्षमता से अधिक लोगों के एकत्र होने पर रोक लगाने और दुर्घटना की आशंका वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है।
घाटों पर बैरिकेडिंग की मजबूती की जांच की जाएगी। जरूरत पड़ने पर दोहरी बैरिकेडिंग भी की जाएगी। भीड़ के दबाव को नियंत्रित करने और आपातकालीन निकासी को आसान बनाने के लिए दर्शक दीर्घाओं तथा प्रवेश द्वारों की व्यवस्था की जा रही है। प्रत्येक दर्शक क्षेत्र का आकार 3,000 वर्ग मीटर से अधिक नहीं रखने के निर्देश दिए गए हैं।
दर्शकों के लिए बनाए जा रहे विशेष ब्लॉक
नमो घाट से करीब दो किलोमीटर दूर वरुणा नदी के किनारे सरायमोहन घाट से खाकी कुटी बाबा मंदिर घाट तक 10 ब्लॉक विकसित किए जा रहे हैं। इनका उद्देश्य दर्शकों को व्यवस्थित और सुविधाजनक तरीके से एयर शो देखने की सुविधा देना है। डुमरी क्षेत्र में भी दर्शकों के लिए स्थान तैयार किए जा रहे हैं।
संभावित भीड़ और यातायात के दबाव को देखते हुए पुलिस ने चार अलग-अलग ट्रैफिक प्लान तैयार किए हैं। यातायात व्यवस्था को आंतरिक और बाहरी दो हिस्सों में बांटा गया है। इसके तहत बैरियर, डायवर्जन और वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। दर्शक दीर्घाओं को अलग-अलग जोन में विभाजित कर उनके अनुसार पार्किंग स्थल भी तय किए जा रहे हैं।
शहर से आने वाले दर्शकों को गंगा के इस पार और बाहरी जिलों से आने वाले लोगों को रामनगर-पड़ाव की ओर निर्धारित पार्किंग एवं दर्शक स्थलों तक पहुंचाने के लिए मार्गदर्शन दिया जाएगा। प्रमुख मार्गों, पार्किंग स्थलों और प्रवेश बिंदुओं पर पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे, ताकि जाम और अव्यवस्था से बचा जा सके।
आपातकालीन सेवाओं के लिए तीन ग्रीन कॉरिडोर
एयर शो के दौरान चिकित्सा सेवाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए शहर में तीन ग्रीन कॉरिडोर तैयार किए गए हैं। इनके माध्यम से मरीजों और आपातकालीन स्थिति में प्रभावित लोगों को समय पर अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी।
इसके लिए सर सुंदरलाल अस्पताल, आईएमएस-बीएचयू, बीएचयू ट्रॉमा सेंटर, शिवप्रसाद गुप्त अस्पताल और पंडित दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल सहित प्रमुख अस्पतालों को चिह्नित किया गया है। एंबुलेंस की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए पुलिस और यातायात पुलिस के बीच समन्वय बनाया जाएगा।
पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों और कर्मचारियों को दर्शकों के साथ शालीन एवं सम्मानजनक व्यवहार करने के निर्देश भी दिए हैं। उन्होंने कहा कि एयर शो के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के साथ आम लोगों की सुविधा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करना प्राथमिकता होनी चाहिए।




