कानपुर। औद्योगिक नगरी कानपुर के यात्रियों के लिए नई ट्रेन शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है। रेल मंत्रालय ने कानपुर के नाम से ‘कानपुर मेल’ शुरू करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। लंबे समय से उठ रही इस मांग को उत्तर मध्य रेलवे की बैठक और संसद में उठाए जाने के बाद रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने स्वीकृति प्रदान की।
कानपुर से सांसद रमेश अवस्थी ने ट्रेन को मंजूरी मिलने पर रेल मंत्री और रेलवे अधिकारियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि कानपुर देश के प्रमुख महानगरों में शामिल है और यहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री रेल से सफर करते हैं। ऐसे में शहर के नाम से एक विशेष ट्रेन की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही थी।

संसद से रेल मंत्रालय तक उठाया मुद्दा
सांसद रमेश अवस्थी के अनुसार, उन्होंने उत्तर मध्य रेलवे की बैठक में ‘कानपुर मेल’ की मांग प्रमुखता से रखी थी। इसके बाद संसद में भी इस मुद्दे को उठाया गया और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर प्रस्ताव के संबंध में चर्चा की गई। उन्होंने रेलवे अधिकारियों के समक्ष कानपुर के यात्रियों की संख्या और शहर की आर्थिक भूमिका का हवाला देते हुए नई ट्रेन शुरू करने की मांग रखी।
यात्रियों और कारोबारियों को मिलेगी सुविधा
‘कानपुर मेल’ की मंजूरी के बाद शहर के यात्रियों, व्यापारियों और नौकरीपेशा लोगों को बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है। हालांकि ट्रेन के संचालन की तारीख, मार्ग, ठहराव और समय-सारिणी से संबंधित विस्तृत जानकारी रेलवे की ओर से बाद में जारी की जाएगी।
सांसद ने कहा कि कानपुर की कनेक्टिविटी और रेल सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रयास जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि नई ट्रेन से कानपुर की रेल नेटवर्क में पहचान और मजबूत होगी तथा यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।




