गोरखपुर। दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने और उनकी जीवन सुगमता बढ़ाने के उद्देश्य से बुधवार, 30 सितंबर को गोरखपुर क्लब में कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कार्यक्रम में शामिल होकर दिव्यांगजनों को विभिन्न प्रकार के सहायक उपकरण वितरित करेंगे।
सिविल लाइंस स्थित गोरखपुर क्लब में दोपहर बाद आयोजित होने वाले समारोह में 509 दिव्यांगजनों को 664 सहायक उपकरण दिए जाएंगे। इन उपकरणों की कुल अनुमानित कीमत करीब सवा करोड़ रुपये बताई गई है। उपकरणों का वितरण लाभार्थियों की दिव्यांगता और उनकी आवश्यकताओं के अनुसार किया जाएगा।
मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल से लेकर स्मार्ट केन तक
समारोह में 127 दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल, 25 को ई-ट्राईसाइकिल और 70 को सामान्य ट्राईसाइकिल दी जाएगी। इसके अलावा 155 दिव्यांगजनों को 319 स्मार्ट केन एवं ब्रेल किट वितरित किए जाएंगे।
इसी तरह 90 लाभार्थियों को हियरिंग एड, पांच को स्मार्टफोन, एक दिव्यांगजन को ब्रेल लिपि में गीता और एक को ब्रेल लिपि में रामायण प्रदान की जाएगी।
कृत्रिम अंग और वयोश्री योजना का भी लाभ
कार्यक्रम में 10 दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग उपलब्ध कराए जाएंगे। वहीं, 20 लाभार्थियों को वयोश्री योजना का लाभ दिया जाएगा। पांच दिव्यांगजनों को पाठ्य पुस्तकों का वितरण भी किया जाएगा।
सरकार की ओर से आयोजित इस तरह के कार्यक्रमों का उद्देश्य दिव्यांगजनों को उनकी जरूरत के अनुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराकर उनकी दैनिक गतिविधियों को आसान बनाना और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है। बुधवार को होने वाले समारोह में विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को एक ही मंच से सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।




