एशियन गेम्स 2026 के पुरुष क्रिकेट फाइनल में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को 19 रन से हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 211 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान की टीम 20 ओवर में 6 विकेट पर 192 रन ही बना सकी।
अभिषेक और तिलक ने मचाया धमाल
भारत की जीत की नींव सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने रखी। उन्होंने महज 28 गेंदों में 3 चौकों और 7 छक्कों की मदद से 61 रन की तेजतर्रार पारी खेली। इसके बाद पारी के अंतिम ओवरों में तिलक वर्मा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 22 गेंदों पर नाबाद 52 रन बनाए। उनकी पारी में 3 चौके और 4 छक्के शामिल रहे।
कप्तान अय्यर ने 21, किशन ने 20 और शिवम दुबे ने 27 रन का योगदान दिया। संजू 2 जबकि वैभव 15 रन बनाकर आउट हुए। पाकिस्तान की ओर से अरफात मिन्हास और अहमद दानियाल ने दो-दो विकेट लिए, जबकि अबरार अहमद और सइम अयूब को एक-एक सफलता मिली।
हसन नवाज का शतक से चूका अर्धशतक
212 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम के लिए हसन नवाज ने शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने 51 गेंदों पर 96 रन बनाए, जिसमें 5 चौके और 7 छक्के शामिल थे। सइम अयूब ने 29 रन बनाए, जबकि कप्तान फरहान 10 रन बनाकर आउट हुए।
हालांकि हसन नवाज की शानदार पारी के बावजूद पाकिस्तान लक्ष्य तक नहीं पहुंच सका। भारत की ओर से अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर और शिवम दुबे ने दो-दो विकेट हासिल किए और पाकिस्तान की रन गति पर अंकुश बनाए रखा।
श्रीलंका ने जीता ब्रॉन्ज मेडल
पुरुष क्रिकेट के ब्रॉन्ज मेडल मुकाबले में श्रीलंका ने बांग्लादेश को 63 रन से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका ने 20 ओवर में 9 विकेट पर 165 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए बांग्लादेश की पूरी टीम 17.3 ओवर में 102 रन पर ऑलआउट हो गई।
महिला क्रिकेट में भी भारत ने जीता गोल्ड
एशियन गेम्स 2026 के महिला क्रिकेट मुकाबले में भी भारतीय टीम ने गोल्ड मेडल हासिल किया था। वहीं पाकिस्तान ने बांग्लादेश को हराकर ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया।
भारत के कुल पदकों की संख्या 81
पुरुष क्रिकेट में गोल्ड मेडल जीतने के साथ भारत के एशियन गेम्स 2026 में कुल 19 गोल्ड मेडल हो गए हैं। भारत के खाते में कुल 81 पदक हैं, जिनमें 19 गोल्ड, 26 सिल्वर और 36 ब्रॉन्ज शामिल हैं। वहीं चीन 327 पदकों के साथ मेडल टैली में शीर्ष पर बना हुआ है।




