मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के पुरकाजी थाना क्षेत्र के हरठी गांव में ग्राम प्रधान के 18 वर्षीय इकलौते बेटे की हत्या से सनसनी फैल गई। एलएलबी की पढ़ाई कर रहा रोहन राठी बुधवार शाम दोस्तों के साथ बर्थडे पार्टी में गया था। इसके बाद वह घर नहीं लौटा। गुरुवार सुबह गांव के बाहर खेतों के पास नाले में उसका खून से लथपथ शव बरामद हुआ।
जानकारी के अनुसार, रोहन के देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी थी। इसी दौरान खेतों की ओर गए ग्रामीणों ने नाले के पास शव पड़ा देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शिनाख्त होने पर पता चला कि मृतक हरठी गांव के ग्राम प्रधान विवेक राठी का इकलौता बेटा रोहन है।
हत्या की वजह तलाश रही पुलिस
घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों के मुताबिक, प्रधान परिवार की किसी से रंजिश की जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे में रोहन की हत्या किस वजह से और किन लोगों ने की, इसे लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
अखिलेश यादव ने कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल
घटना को लेकर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए रोहन की हत्या पर दुख जताते हुए पुलिस की कार्यशैली और प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मामले में केवल जांच टीम गठित करने तक कार्रवाई सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि हत्यारों का जल्द खुलासा कर उन्हें गिरफ्तार किया जाना चाहिए। उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना भी व्यक्त की।
तीन टीमें गठित, SOG भी जांच में जुटी
पुलिस ने हत्याकांड के खुलासे के लिए तीन टीमों का गठन किया है। एसओजी को भी जांच में लगाया गया है। पुलिस रोहन के बर्थडे पार्टी में जाने से लेकर उसकी आखिरी लोकेशन तक की जानकारी जुटा रही है। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, जीपीएस लोकेशन और कॉल डिटेल रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




